25 जून को बदरवास में लगेगा युवा संगम रोजगार मेला, 25 हजार तक वेतन पाने का मौका

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर लेकर 25 जून 2026 को बदरवास में युवा संगम रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से श्रीकृष्ण महाविद्यालय, बिलौसली रोड, बदरवास में आयोजित होगा।

कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, जिला प्रशासन शिवपुरी और जिला रोजगार कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में प्रदेश की विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी। कंपनियों द्वारा मौके पर ही साक्षात्कार लेकर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

रोजगार मेले में सेल्स एवं मार्केटिंग, डेयरी, मशीन ऑपरेटर, तकनीशियन, सुपरवाइजर, हेल्पर, सिक्योरिटी गार्ड, टेली कॉलिंग, इंश्योरेंस और फील्ड वर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध रहेंगे। चयनित युवाओं को योग्यता और पद के अनुसार 10 हजार से 25 हजार रुपए प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।

मेले में 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा और बी.टेक योग्यताधारी युवा भाग ले सकेंगे। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना (NAPS), मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना (MMSKY) और मुख्यमंत्री उद्यमशीलता इन्क्यूबेशन योजना (PMIS) सहित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि युवा स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित हो सकें।

तहसीलदार एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अनिल धाकड़ ने युवाओं और अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं और स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक लोगों के लिए सुनहरा अवसर है।

जिला रोजगार कार्यालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अंकसूचियां, आधार कार्ड, समग्र आईडी, निवास प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आने की अपील की है।

महत्वपूर्ण बात यह है कि यह रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क है। प्रशासन ने युवाओं को किसी भी प्रकार का शुल्क मांगने वाले व्यक्तियों से सावधान रहने की सलाह दी है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)