बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग हादसों में एक किसान और एक मासूम बालक की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में मातम छा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा लुकवासा चौकी क्षेत्र के एनएच-46 स्थित लुकवासा क्रॉसिंग पर हुआ। खरई गांव निवासी 55 वर्षीय देवीलाल जाटव अपनी पत्नी सुमित्रा जाटव के साथ रिजौदा गांव से धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल शिवपुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान देवीलाल जाटव ने दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी सुमित्रा जाटव का इलाज जारी है। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं दूसरी घटना गोवर्धन थाना क्षेत्र के भिलौड़ी गांव की है। 13 वर्षीय अर्जुन यादव अपने दोस्तों के साथ जामुन तोड़ने खेत पर गया था। जामुन तोड़ते समय वह पेड़ पर चढ़ा, लेकिन संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन उसे उपचार के लिए शिवपुरी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन गंभीर चोटों के चलते इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दोनों मामलों में मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। एक ही दिन में हुए इन दो हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं और जिले को गमगीन कर दिया।