15 जुलाई से चलेगा विशेष नशा मुक्ति अभियान, स्कूलों के आसपास नशे का कारोबार करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित नारकोटिक्स एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम समिति की बैठक में जिलेभर में विशेष नशा मुक्ति अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया भी उपस्थित रहीं।

15 जुलाई से शुरू होगा अभियान

कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए कि 15 जुलाई से जिलेभर में विशेष नशा मुक्ति अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान में शिक्षा विभाग, सामाजिक न्याय विभाग और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से कार्य करेंगे।
 इसका उद्देश्य समाज को नशामुक्त बनाना तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना है।

स्कूलों के आसपास रहेगी कड़ी निगरानी

बैठक में स्पष्ट किया गया कि स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ, तंबाकू एवं धूम्रपान उत्पादों की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को ऐसी दुकानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

जागरूकता कार्यक्रमों पर रहेगा फोकस

शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि विद्यालयों में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी मिल सके।

नशा मुक्ति केंद्रों का होगा निरीक्षण

सामाजिक न्याय एवं पुलिस विभाग को नशा मुक्ति केंद्रों का समय-समय पर निरीक्षण करने तथा अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने कहा कि नशा व्यक्ति ही नहीं, पूरे समाज को कमजोर करता है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)