नगर पालिका परिषद शिवपुरी का तीन दिवसीय विशेष शिविर, आमजन को मिलेगा योजनाओं का सीधा लाभ
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा 16 जून से 18 जून 2026 तक मानस भवन, गांधी पार्क शिवपुरी में विशेष जनकल्याण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगा।
यह शिविर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन, एसडीएम एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री आनंद राजावत के मार्गदर्शन तथा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0, पीएम स्वनिधि योजना, संबल योजना, आयुष्मान भारत योजना, डिजिटल भारत अभियान, आधार सेवाएं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, परिवार सहायता योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचे और कोई भी पात्र नागरिक योजनाओं से वंचित न रहे। वहीं आनंद राजावत ने शिविर के सफल संचालन एवं आमजन की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने एवं अपनी समस्याओं का निराकरण कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। आवेदन प्राप्त करने, आधार सेवाएं, हितग्राहियों को जानकारी उपलब्ध कराने, पेयजल, स्वच्छता, बैठक व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नगर पालिका परिषद शिवपुरी ने सभी नागरिकों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।