सोने की बाली पर हाथ साफ, पीतल की बाली रखकर फरार हुए शातिर युवक

Nikk Pandit
0
शिवपुरी के सराफा बाजार में अनोखी चोरी, 11 दिन बाद खुला राज; सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के सराफा बाजार स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान पर बेहद शातिराना अंदाज में चोरी की वारदात सामने आई है। दो युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे और सोने की बाली देखने के बहाने दुकानदार को बातों में उलझाकर सोने की बाली पार कर गए। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने चोरी छिपाने के लिए सोने की बाली की जगह पीतल की बाली रख दी, जिससे दुकानदार को कई दिनों तक चोरी का पता ही नहीं चला।

जानकारी के अनुसार सराफा बाजार स्थित कनक ज्वेलर्स के संचालक विष्णु सोनी ने कोतवाली पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 1 जून को दो युवक उनकी दुकान पर आए और सोने की बालियां दिखाने की मांग की। इस दौरान बालियों की ट्रे उनके सामने रखी गई।

बताया जा रहा है कि एक युवक दुकानदार को लगातार बातचीत में उलझाए रहा, जबकि दूसरा युवक मौका पाकर ट्रे में रखी सोने की बाली निकाल ले गया। चोरी को छिपाने के लिए उसने अपनी जेब से निकाली हुई पीतल की बाली उसी स्थान पर रख दी। इसके बाद दोनों युवक आराम से दुकान से निकल गए।

घटना का खुलासा तब हुआ जब गुरुवार को एक अन्य ग्राहक को बाली दिखाने के लिए वही ट्रे निकाली गई। ट्रे में रखी एक बाली संदिग्ध लगने पर उसकी जांच की गई तो वह सोने की नहीं बल्कि पीतल की निकली। इसके बाद दुकानदार के होश उड़ गए।

शक होने पर जब पुराने सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो पूरी घटना कैमरे में कैद मिली। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक दुकानदार का ध्यान भटका रहा है, जबकि दूसरा सोने की बाली निकालकर उसकी जगह पीतल की बाली रख रहा है।

मामले की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी हुई है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)