आवास प्लस 2.0 सर्वे में तेजी, 51 हजार से अधिक आवेदनों का सत्यापन शुरू

Nikk Pandit
0
पात्र परिवारों को मिलेगा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का लाभ, ग्राम पंचायतों में चस्पा होगी सूची

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत संचालित आवास प्लस 2.0 सर्वे में शिवपुरी जिले से बड़ी संख्या में नए आवेदनों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। जिले में 1 लाख 70 हजार से अधिक परिवारों के नाम सर्वे में दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 51 हजार 334 आवेदनों का पुनः पात्रता परीक्षण एवं सत्यापन कार्य सभी विकासखंडों में शुरू कर दिया गया है।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में यह सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ केवल वास्तविक और पात्र परिवारों तक ही पहुंचे। इसके लिए अधिकारियों द्वारा घर-घर पहुंचकर आवासीय स्थिति, निवास, आर्थिक स्थिति एवं अन्य आवश्यक जानकारियों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है।

सभी विकासखंडों में शुरू हुआ सत्यापन

जिला पंचायत से मिली जानकारी के अनुसार बदरवास, करैरा, खनियाधाना, कोलारस, नरवर, पिछोर, पोहरी और शिवपुरी विकासखंडों में सत्यापन कार्य प्रारंभ हो चुका है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सर्वे में नाम जुड़ जाने मात्र से आवास स्वीकृत नहीं माना जाएगा। अंतिम पात्रता सूची शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर तैयार की जाएगी।

पंचायत भवनों पर चस्पा होगी सूची

10 जून को आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवास प्लस 2.0 सर्वे की सूची प्रत्येक ग्राम पंचायत भवन पर चस्पा की जाए, ताकि ग्रामीणों को जानकारी मिल सके और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

पात्र परिवारों से सहयोग की अपील

प्रशासन ने आवास प्लस 2.0 सर्वे में शामिल परिवारों से अपील की है कि वे सत्यापन दल को सही एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। सही जानकारी मिलने पर पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का लाभ समय पर दिलाया जा सकेगा।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)