कलेक्टर अर्पित वर्मा सख्त, विकास कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

Nikk Pandit
0
जनपद सीईओ स्वयं करें निगरानी, नहीं तो जवाबदेही तय होगी; अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) को निर्देश दिए कि वे स्वयं योजनाओं और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें, अन्यथा उनकी जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचना चाहिए और निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

मनरेगा कार्यों में कसावट के निर्देश

बैठक में मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने लेबर बजट की स्थिति पर असंतोष जताया। उन्होंने परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रगतिरत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और लंबित कार्यों के पूर्णता प्रमाण पत्र शीघ्र तैयार किए जाएं। कार्यों में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

आवास योजनाओं को लेकर सख्त रुख

कलेक्टर वर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आवास प्लस 2024-25 एवं 2025-26 के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए सभी किश्तों का भुगतान समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने धरती आबा अभियान के तहत स्वीकृत आवासों को जल्द पूरा करने और पीएम जनमन आवास योजना के कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने पर जोर दिया।साथ ही आवास प्लस 2.0 की सूची ग्राम पंचायतों में चस्पा करने और डिलीशन मॉड्यूल को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

पीएम पोषण योजना की गुणवत्ता जांच

पीएम पोषण योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ को विद्यालयों और आंगनवाड़ियों में स्व-सहायता समूहों द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि भोजन की गुणवत्ता खराब पाई जाती है तो संबंधित समूह को तत्काल हटाया जाए।

सिंचाई, जल संरक्षण और पंचायत भवनों की भी समीक्षा

बैठक में पीएम कृषि सिंचाई योजना 2.0, वाटरशेड विकास कार्य, खेत तालाब, चेकडैम निर्माण, जल गंगा संवर्धन अभियान, एक बगिया मां के नाम अभियान तथा नवीन पंचायत एवं सामुदायिक भवनों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

जनहित के कार्यों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं में गंभीरता से कार्य किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)