बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले ऊर्जा मंत्री एवं शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर 21 जून को एक दिवसीय प्रवास पर शिवपुरी जिले के भ्रमण पर आएंगे। अपने दौरे के दौरान वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के साथ-साथ जन चौपाल लगाकर आमजन की समस्याएं भी सुनेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी मंत्री प्रातः 6 बजे खोड़ स्थित धार महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक भी मौजूद रहेंगे।
इसके बाद प्रातः 9 बजे प्रभारी मंत्री धार महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित जन चौपाल में शामिल होंगे। इस दौरान वे क्षेत्र के नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी देंगे।
प्रभारी मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जन चौपाल के उपरांत प्रातः 11 बजे प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर खोड़ से ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगे।
प्रभारी मंत्री के दौरे को लेकर खोड़ एवं आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि जन चौपाल के माध्यम से उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण होगा।