बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 20 जून को पश्चिम बंगाल के ताराकेश्वर (हुगली) से आयोजित कार्यक्रम के दौरान देशभर के करोड़ों किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त अंतरित करेंगे। इस अवसर पर शिवपुरी जिले में "पीएम किसान उत्सव दिवस" के रूप में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन द्वारा जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रमों की तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने जिले के सभी एसडीएम एवं संबंधित अधिकारियों को पीएम किसान उत्सव दिवस के सफल आयोजन के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया जाएगा, जिससे किसान सीधे कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे और प्रधानमंत्री का संबोधन सुन सकेंगे।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने निकटतम आयोजन स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लें। किसान वीडियो कॉन्फ्रेंस लिंक के माध्यम से भी कार्यक्रम से सीधे जुड़ सकते हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। 20 जून को जारी होने वाली किस्त का लाभ भी लाखों किसानों को मिलेगा।