बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत विशेष स्वच्छता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन तथा तहसीलदार एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अनिल धाकड़ के निर्देशन में मंगलवार को विभिन्न वार्डों और प्रमुख मार्गों पर व्यापक सफाई अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान वार्ड क्रमांक 36 के झिंगुरा रोड, नूरानी मस्जिद, आईपीएस स्कूल रोड सहित आसपास के क्षेत्रों में सफाई कराई गई। वहीं करौंदी क्षेत्र में पत्रकार अशफाक खान के निवास से लेकर बार्नेस की दुकान, पंडित वाली गली, पारस होटल मार्ग, वन विहार 10 नंबर गेट, मिठाई वाली गली तथा अन्य क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर झाड़ू लगाई गई और कचरे का निष्पादन कराया गया।
नगर पालिका की टीम ने कलेक्टर निवास के आसपास सफाई कर कचरा हटाया। फिजिकल रोड स्थित पानी की टंकी के पास बड़ी नाली और नाले की सफाई कर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से मलवा एवं कचरा हटाया गया। जल मंदिर रोड, करबला क्षेत्र तथा अन्य स्थानों पर भी नालियों की सफाई एवं कचरा निष्पादन का कार्य किया गया।
इसके अलावा वार्ड क्रमांक 1, 21, 22, 23, 24, 26 एवं 33 में डंप पॉइंटों और नालियों की सफाई कराई गई। मच्छरों एवं संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी किया गया।
नगर पालिका की टीम ने नरेंद्र नगर, दो बत्ती चौराहा, छतरी रोड, विष्णु मंदिर मार्ग, चिंताहरण मंदिर परिसर, मनियर, हाथीखाना तथा सहगल टेंट हाउस रोड सहित कई क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत किया।
नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने और निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि स्वच्छ और स्वस्थ शिवपुरी के निर्माण में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है।