बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने और देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन 28 से 30 जून 2026 तक किया जाएगा। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषिश्वर ने बताया कि भारत लगभग 15 वर्ष पूर्व पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है, लेकिन दुनिया के कुछ देशों में अभी भी वाइल्ड पोलियो वायरस का संक्रमण मौजूद है। ऐसे में बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने के लिए नियमित रूप से पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जाता है।
अभियान के पहले दिन 28 जून (रविवार) को जिलेभर में स्थापित पोलियो बूथों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को "दो बूंद जिंदगी की" पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से बूथ तक लाने की अपील की है।
इसके बाद 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर सर्वे करेंगी और अभियान के दौरान छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।
अभियान की तैयारियों और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक 23 जून को सुबह 10:30 बजे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, शिवपुरी में आयोजित की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे पोलियो उन्मूलन के इस राष्ट्रीय अभियान में सहयोग करें और अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। "हर बच्चा, हर बार—दो बूंद जिंदगी की" अभियान का मुख्य संदेश रहेगा।