बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गौवंश से भरे एक कंटेनर को पकड़ लिया। पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही कंटेनर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। कंटेनर से कुल 28 गौवंश बरामद किए गए, जिनमें कई पशु घायल अवस्था में मिले।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात थनरा चौकी प्रभारी रामानंद पचौरी को सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में अवैध रूप से बड़ी संख्या में गौवंश का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और संदिग्ध वाहन की घेराबंदी कर उसका पीछा शुरू किया।
पुलिस दबिश के दौरान चालक कंटेनर छोड़कर फरार हो गया। जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें 26 बैल और 2 गाय सहित कुल 28 गौवंश ठूंस-ठूंस कर भरे हुए मिले। कंटेनर की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
कई गौवंश घायल मिले, गौशाला भेजा गया
मौके पर पहुंचे गौसेवक कल्लू तिवारी की मौजूदगी में सभी गौवंश को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें थनरा स्थित गौशाला में सुपुर्द कर दिया गया। कंटेनर में अत्यधिक भीड़ और अमानवीय तरीके से भरने के कारण कई पशु घायल हो गए थे, जिनके उपचार के लिए पशु चिकित्सक को बुलाकर इलाज शुरू कराया गया।
चालक और नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वाहन के नंबर और दस्तावेजों के आधार पर उसके मालिक और इस अवैध परिवहन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।