परीक्षा देने आया छात्र कॉलेज में फंदे पर मिला, मचा हड़कंप; परिजनों ने तीन शिक्षकों पर लगाए गंभीर आरोप

Nikk Pandit
0
बी-फार्मा अंतिम वर्ष के छात्र की संदिग्ध मौत, कॉलेज प्रबंधन पर भी उठे सवाल; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के दिनारा कस्बे स्थित प्रीति ग्लोबल यूनिवर्सिटी में बी-फार्मा अंतिम वर्ष के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। दतिया निवासी संजू राजा परमार शुक्रवार को परीक्षा देने कॉलेज पहुंचा था, लेकिन देर रात उसका शव यूनिवर्सिटी के निर्माणाधीन भवन में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन और तीन शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस छात्र को कॉलेज प्रबंधन परीक्षा के बाद परिसर से निकल जाने की बात कह रहा था, उसका शव आखिर कॉलेज परिसर के अंदर निर्माणाधीन भवन में कैसे मिला? यही सवाल अब परिजन भी उठा रहे हैं।
परीक्षा देकर निकला बताया, लेकिन कॉलेज में ही मिला शव

जानकारी के अनुसार दतिया निवासी संजू राजा परमार शुक्रवार को बी-फार्मा अंतिम वर्ष की परीक्षा देने प्रीति ग्लोबल यूनिवर्सिटी पहुंचा था। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से संपर्क किया, जहां उन्हें बताया गया कि संजू दोपहर करीब 12:30 बजे परीक्षा देकर कॉलेज से चला गया था।

परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। रात करीब 10 बजे दिनारा पुलिस को छात्र के लापता होने की सूचना दी गई।

मजदूरों ने देखा तो उड़ गए होश

इसी दौरान कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन भवन पर कार्य कर रहे मजदूर रात में सोने के लिए छत पर पहुंचे। वहां उन्होंने एक युवक को लकड़ी की सीढ़ी पर फंदे से लटका देखा। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान संजू राजा परमार के रूप में हुई।

मजदूरों ने तत्काल कॉलेज स्टाफ और डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करैरा भेज दिया।

परिजनों का आरोप—समय पर सही जानकारी मिलती तो बच सकती थी जान

घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका कहना है कि संजू कॉलेज परिसर से बाहर गया ही नहीं था, लेकिन उन्हें लगातार बताया जाता रहा कि वह परीक्षा देकर जा चुका है।

परिजनों का आरोप है कि यदि कॉलेज प्रबंधन समय पर सही जानकारी देता और छात्र की खोजबीन गंभीरता से करता, तो संभवतः उसकी जान बचाई जा सकती थी। इस पूरे मामले में कॉलेज प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

तीन कर्मचारियों और शिक्षकों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप

मृतक छात्र के भाई गौरव परमार ने कॉलेज के तीन कर्मचारियों एवं शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने प्रवेक्षक जी.के. गुप्ता, सहायक परीक्षा केंद्र प्रभारी मनीष श्रीवास्तव और शिक्षक अवदेश यादव का नाम लेते हुए कहा कि ये लोग लंबे समय से संजू को मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे।

गौरव परमार के अनुसार शिक्षक अवदेश यादव और संजू के बीच कई बार विवाद हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन दिन पहले परीक्षा प्रवेश पत्र को लेकर भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद से संजू काफी तनाव में था।

पोस्टमार्टम से पहले शव लेकर पहुंचे कॉलेज
शनिवार को मामले ने नया मोड़ ले लिया, जब परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना शव को वापस लेकर कॉलेज परिसर पहुंच गए। वहां उन्होंने कॉलेज प्रबंधन और संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए करैरा थाना प्रभारी विनोद छवाई, दिनारा थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह कुशवाह एवं चौकी प्रभारी रामानंद पचौरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।

सीसीटीवी फुटेज से खुलेंगे राज?

दिनारा थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह कुशवाह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)