खरीफ सीजन में किसानों को राहत: जिले में 29 हजार मीट्रिक टन से अधिक खाद उपलब्ध, 89 हजार किसानों ने उठाया लाभ

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए कृषि विभाग द्वारा जिले में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया गया है। वर्तमान में जिले में 29 हजार 314 मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण मौजूद है, जिससे किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराई जा रही है।

कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार उपलब्ध उर्वरकों में 8,360 मीट्रिक टन यूरिया, 977 मीट्रिक टन डीएपी/टीएसपी, 6,421 मीट्रिक टन एनपीके, 13,364 मीट्रिक टन एसएसपी तथा 192 मीट्रिक टन एमओपी शामिल है। विभाग का दावा है कि खरीफ सीजन की मांग को देखते हुए पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया गया है।

वहीं 1 अप्रैल से 20 जून 2026 तक जिले में कुल 26,189 मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण किया जा चुका है। इसमें 11,920 मीट्रिक टन यूरिया, 4,637 मीट्रिक टन डीएपी/टीएसपी, 4,955 मीट्रिक टन एनपीके, 4,441 मीट्रिक टन एसएसपी और 235 मीट्रिक टन एमओपी किसानों को उपलब्ध कराया गया है।

कृषि विभाग द्वारा संचालित ई-विकास प्रणाली किसानों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। इस व्यवस्था के तहत किसान ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर आसानी से उर्वरक हासिल कर रहे हैं। 1 अप्रैल से 19 जून तक 87,409 किसानों ने ई-टोकन जनरेट कर 25,431 मीट्रिक टन उर्वरक प्राप्त किया है।

केवल 20 जून को ही 2,428 किसानों ने ई-टोकन के माध्यम से 853 मीट्रिक टन उर्वरक प्राप्त किया। इससे स्पष्ट है कि डिजिटल व्यवस्था के जरिए किसानों को बिना परेशानी के खाद उपलब्ध कराई जा रही है।

आंकड़ों के अनुसार खरीफ सीजन में अब तक डबल लॉक भंडारण केंद्रों से 29,861 किसान, सहकारी समितियों से 16,337 किसान तथा निजी विक्रय केंद्रों से 43,639 किसान उर्वरक प्राप्त कर चुके हैं। कुल मिलाकर जिले के 89,837 किसानों ने ई-टोकन के माध्यम से खाद का उठाव किया है।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे आवश्यकतानुसार उर्वरक का उपयोग करें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित कृषि अधिकारी या विक्रय केंद्र से संपर्क करें।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)