शराब बेचने के शक में कलारी कर्मचारी का अपहरण, रातभर बंधक बनाकर पाइप से पीटा; 3 नामजद आरोपियों पर FIR

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र में शराब बेचने के शक में एक कलारी कर्मचारी के अपहरण और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने बीच रास्ते गाड़ी रोककर कर्मचारी को जबरन उतार लिया, उसके साथ मारपीट की और रातभर अलग-अलग स्थानों पर घुमाकर बंधक बनाए रखा। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बीच रास्ते रोकी गाड़ी, कर्मचारी को उतारा

जानकारी के अनुसार ग्राम जुगिया निवासी 38 वर्षीय लोकेन्द्र सिंह सिकरवार अमोलपठा स्थित कलारी कार्यालय में कार्यरत है। लोकेन्द्र ने पुलिस को बताया कि 22 जून की रात करीब 12:30 बजे वह मैनेजर आर.के. राय के साथ करैरा जा रहा था। इसी दौरान ग्राम थरखेड़ा के पास आदर्श राय, उपेन्द्र राय और इन्द्रपाल यादव ने उनकी गाड़ी रोक ली।

आरोपियों ने लोकेन्द्र को जबरन गाड़ी से उतार लिया और उस पर शराब बेचने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। अचानक हुए घटनाक्रम से घबराकर मैनेजर आर.के. राय मौके से भाग निकला।

जमीन पर पटककर प्लास्टिक पाइप से की मारपीट
लोकेन्द्र ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने उसे जमीन पर पटक दिया और प्लास्टिक के पाइप से बेरहमी से पीटा। मारपीट में उसकी पीठ सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। इसी दौरान मौके पर दो अन्य लोग भी पहुंच गए।

रातभर अलग-अलग जगहों पर घुमाया

पीड़ित के अनुसार मारपीट के बाद आरोपी उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए। इसके बाद उसे सीहोर, छितरी तिराहा और कुशवाह ढाबा सहित कई स्थानों पर घुमाया गया। अंत में भौती स्थित एक मकान में ले जाकर बंधक बना लिया गया।

सुबह छोड़ा, दी जान से मारने की धमकी

लोकेन्द्र ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे आरोपी उसे सिरसौद चौराहे पर छोड़कर गए। जाने से पहले उन्होंने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

मुक्त होने के बाद लोकेन्द्र ने अपने परिचितों जीतेन्द्र सिकरवार और कोमल सिंह सिकरवार को पूरी घटना बताई और अमोला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

तीन आरोपियों पर मामला दर्ज

अमोला थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आदर्श राय, उपेन्द्र राय, इन्द्रपाल यादव सहित अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296(बी), 351(3), 127(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)