गुड़र ब्लास्ट में डेढ़ वर्षीय शिवा ने भी तोड़ा दम, मृतकों की संख्या बढ़कर 4; एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के गुड़र गांव में हुए दर्दनाक ब्लास्ट हादसे में मंगलवार को एक और मासूम जिंदगी की जंग हार गया। ग्वालियर में उपचार के दौरान डेढ़ वर्षीय शिवा प्रजापति की मौत हो गई। इसके साथ ही इस भीषण हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। एक ही परिवार के पिता, पुत्री और अब पुत्र की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।

एक ही परिवार के तीन सदस्य काल के गाल में समाए

हादसे में सबसे पहले 4 वर्षीय जानवी प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद उपचार के दौरान पड़ोस में रहने वाले 11 वर्षीय कल्ला आदिवासी ने दम तोड़ दिया। गुरुवार को गंभीर रूप से झुलसे प्राण सिंह प्रजापति की भी मौत हो गई थी। अब मंगलवार को उनके डेढ़ वर्षीय पुत्र शिवा प्रजापति ने भी उपचार के दौरान अंतिम सांस ली।

वहीं शिवा की मां रौशनी प्रजापति अभी भी ग्वालियर में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है।

धमाका इतना भीषण था कि ढह गईं दीवारें
बताया जा रहा है कि पिछले बुधवार सुबह प्राण सिंह प्रजापति के घर में खाना बनाते समय अचानक जोरदार विस्फोट हुआ था। धमाका इतना भीषण था कि मकान की छत और दीवारें तक ढह गई थीं। विस्फोट के बाद घर में आग लग गई और पूरा इलाका दहल उठा। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई थी।

पेट्रोल-डीजल या गैस सिलेंडर? जांच जारी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय घर में गैस चूल्हे पर नाश्ता बनाया जा रहा था। प्रशासन को आशंका है कि घर में रखे पेट्रोल-डीजल में आग लगने से विस्फोट हुआ हो सकता है। हालांकि गैस सिलेंडर फटने की संभावना को भी जांच में शामिल किया गया है।

पुलिस और प्रशासन की टीम अब भी हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। घटना के कई दिन बाद भी विस्फोट की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

गांव में पसरा मातम

एक ही परिवार के पिता, पुत्री और पुत्र सहित चार लोगों की मौत ने पूरे गुड़र गांव को झकझोर कर रख दिया है। गांव में शोक का माहौल है और हर किसी की जुबान पर यही सवाल है कि आखिर इतना बड़ा हादसा कैसे हुआ।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)