30 लाख के 120 मोबाइल बरामद: शिवपुरी साइबर सेल ने लौटाई लोगों की मुस्कान, 8 राज्यों से ट्रेस हुए फोन

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी पुलिस की साइबर सेल ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल करते हुए गुम और चोरी हुए 120 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं साइबर सेल प्रभारी धर्मेंद्र सिंह जाट ने मोबाइल मालिकों को उनके फोन वापस सौंपे।

साइबर सेल को प्राप्त आवेदनों के आधार पर टीम द्वारा लगातार तकनीकी जांच और ट्रैकिंग की जा रही थी। इसी मेहनत का परिणाम रहा कि मध्य प्रदेश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित कुल 8 राज्यों से मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

24 घंटे में ढूंढ निकाला एक लाख का आईफोन

बरामद किए गए मोबाइलों में करीब 1 लाख रुपए कीमत का एप्पल आईफोन भी शामिल था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आईफोन गुम होने की शिकायत मिलने के मात्र 24 घंटे के भीतर उसे ट्रेस कर बरामद कर लिया गया और उसके मालिक को सौंप दिया गया। यह साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी दक्षता का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।

पिछले वर्ष भी बरामद किए थे 700 मोबाइल

शिवपुरी साइबर सेल लगातार मोबाइल चोरी और गुमशुदगी के मामलों में प्रभावी कार्रवाई कर रही है। वर्ष 2025 में भी करीब 700 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए गए थे। लगातार मिल रही सफलता से लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है।

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह जाट, प्रधान आरक्षक विकास सिंह चौहान, आरक्षक आलोक व्यास, दामोदर परिहार, जलज रावत एवं भूपेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम की तकनीकी सूझबूझ और लगातार प्रयासों से सैकड़ों लोगों को उनका कीमती मोबाइल वापस मिल सका।

🔹 120 मोबाइल बरामद
🔹 कुल कीमत करीब 30 लाख रुपए
🔹 8 राज्यों से किए गए ट्रेस
🔹 24 घंटे में बरामद हुआ 1 लाख का आईफोन
🔹 2025 में भी लौटाए गए थे 700 मोबाइल
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)