बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित फतेहपुर रोड के होटल ग्रीन व्यू में बुधवार रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान खाने के ऑर्डर को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। होटल में मौजूद दोनों गुटों के लोगों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे होटल मैनेजर भी घायल हो गए।
घटना के बाद मामला कोतवाली थाने पहुंचा, जहां दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से राजीनामा कर लिया।
जानकारी के अनुसार, शक्तिपुरम खुड़ा निवासी फैजल खान अपने साथियों मोनू खान, सुल्तान धाकड़ और जनवेद प्रजापति सहित अन्य लोगों के साथ होटल ग्रीन व्यू में ट्रैक्टर एजेंसी संचालक सतीश धाकड़ का जन्मदिन मना रहे थे। इसी दौरान होटल संचालक अनुज अग्रवाल के पुत्र कार्तिक अग्रवाल भी अपने मित्रों गौतम रघुवंशी, तक्ष गोयल और अन्य साथियों के साथ जन्मदिन समारोह में मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खाने के ऑर्डर को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में विवाद और फिर मारपीट में बदल गई। होटल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों गुटों के कई लोगों को चोटें आईं। विवाद को शांत कराने पहुंचे होटल मैनेजर जाहिद खान भी इस दौरान चोटिल हो गए।
घटना के बीच एक 2 लाख 20 हजार रुपए नकद से भरे बैग को लेकर भी चर्चा रही। हालांकि बाद में यह रकम सुरक्षित रूप से उसके मालिक सतीश धाकड़ को वापस मिल गई, जिससे किसी बड़ी आशंका पर विराम लग गया।
मारपीट के बाद दोनों पक्ष कोतवाली थाने पहुंचे, जहां पुलिस की मौजूदगी में बातचीत हुई और विवाद का आपसी समझौते के जरिए निपटारा कर लिया गया। होटल संचालक अनुज अग्रवाल ने भी होटल में हुए संभावित नुकसान को लेकर कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
घटना के बाद शहर में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि मामूली कहासुनी कैसे देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। राहत की बात यह रही कि मामला कानूनी विवाद में न बदलकर आपसी सहमति से सुलझ गया।