बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पोहरी क्षेत्र से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। चार साल की मासूम बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने उसके ही पिता को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले बच्ची की मौत को सांप के काटने का मामला बताकर सभी को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सच्चाई कुछ और ही निकली।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसी दौरान वह अपनी चार वर्षीय बेटी को कमरे में ले गया। पुलिस के अनुसार बच्ची के चीखने-चिल्लाने पर आरोपी ने उसका मुंह और गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने परिजनों को सांप के काटने की कहानी सुनाई और बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में पिता और परिजनों के बयान बार-बार बदलने पर पुलिस को संदेह हुआ। जब पुलिस ने गहन पूछताछ की तो आरोपी पिता कथित रूप से टूट गया और पूरी घटना का खुलासा हो गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म और हत्या जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह घटना सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात है। जिस पिता को अपनी बेटी की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभानी थी, उसी पर उसकी जिंदगी छीनने का आरोप लगा है। पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर आक्रोश और शोक का माहौल है।
🔴 पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी न्यायिक प्रक्रिया का सामना करेगा।