बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने शुक्रवार को थाना एवं चौकी प्रभारियों के बड़े स्तर पर तबादला आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में कई निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक नवीन यादव को पुलिस लाइन से बदरवास थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि अनिल भारद्वाज को मायापुर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उपनिरीक्षक राधेश्याम शिवहरे को गोपालपुर थाना प्रभारी एवं योगेंद्र सिंह सेंगर को अमोला थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में धर्मेंद्र सिंह गुर्जर को सिरसौद थाना प्रभारी, रामानंद पचौरी को हिम्मतपुर चौकी प्रभारी तथा अनुराधा सिंह को थनरा चौकी प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा भोलाराम पुरोहित को सतनवाड़ा थाना प्रभारी और सुनील सिंह राजपूत को बम्हारी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
फेरबदल की सूची में अरविंद सिंह चौहान को सुभाषपुरा थाना प्रभारी तथा राजीव दुबे को रन्नौद थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं महिला थाना में पदस्थ प्रियंका पाराशर को सुरवाया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
सुरवाया में पदस्थ अरविंद छारी को कोतवाली में जेएसआई तथा छाया राय को खनियाधाना थाने में जेएसआई के रूप में पदस्थ किया गया है।
पुलिस विभाग के इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की दिशा में कार्य करेंगे।