बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं होने से नाराज दो चचेरे भाई मंगलवार सुबह मनियर बायपास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। युवकों ने पोहरी थाना प्रभारी रवि चौहान और एसआई दिनेश कोठारी पर प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। करीब तीन घंटे चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद प्रशासन के आश्वासन पर दोनों युवक नीचे उतर आए।
जानकारी के अनुसार दुल्हारा गांव निवासी अंकेश धाकड़ और सतेंद्र धाकड़ सुबह करीब 10:30 बजे पानी की टंकी पर चढ़ गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। दोपहर करीब 1 बजे नायब तहसीलदार अजीत तोमर और पुलिस अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद दोनों युवक नीचे उतरे।
ट्रैक्टर चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं करने का आरोप
टंकी के नीचे मौजूद गोविंद धाकड़ ने बताया कि 27 मई को अंकेश धाकड़ का ट्रैक्टर चोरी हो गया था। कई बार पोहरी थाने में शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की।
परिजनों का आरोप है कि 3 जून को जब अंकेश और सतेंद्र दोबारा शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय उन पर मारपीट और शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया।
SP कार्यालय से लेकर CM हेल्पलाइन तक पहुंची शिकायत
परिजनों का कहना है कि न्याय की मांग को लेकर वे लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। 9 जून को एसपी कार्यालय में शिकायत की गई थी, जहां 15 दिन में जांच और कार्रवाई का आश्वासन मिला था।
आरोप है कि कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद उन्हें धमकाया जाने लगा। इसी से परेशान होकर दोनों युवक टंकी पर चढ़ गए।
पुलिस का भी सामने आया पक्ष
पुलिस के अनुसार 3 जून को एक प्रकरण में गवाही देने भटनावर गांव के मोनू बैरागी, आशा बैरागी और संजू बैरागी पोहरी थाने पहुंचे थे। आरोप है कि गवाही देकर लौटते समय तीनों के साथ थाने के बाहर मारपीट की गई थी।
पुलिस का दावा है कि इस घटना का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें गोविंद धाकड़ मारपीट करते दिखाई दे रहे थे। इसी आधार पर तीनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
थाना प्रभारी बोले- ट्रैक्टर फाइनेंस पर है, जांच जारी
पोहरी थाना प्रभारी रवि चौहान ने बताया कि ट्रैक्टर चोरी की शिकायत मिली थी, लेकिन संबंधित ट्रैक्टर फाइनेंस पर होने के कारण मामले की जांच की जा रही है। उनका कहना है कि बिना जांच पूरी हुए FIR दर्ज कराने का दबाव बनाया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक तीनों युवकों के खिलाफ विभिन्न मामलों में कुल 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें गोविंद उर्फ भरत धाकड़ पर 9, सतेंद्र धाकड़ पर 3 और अंकेश धाकड़ पर 2 मामले दर्ज बताए गए हैं।
आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला
करीब तीन घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। प्रशासन द्वारा मामले की जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाने के बाद दोनों युवक सुरक्षित नीचे उतर आए, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।