पिपरसमा मंडी के बाहर प्याज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का सैलाब, 4 किलोमीटर लंबा जाम, किसान घंटों परेशान

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी जिले की पिपरसमा अनाज मंडी में बुधवार को प्याज की रिकॉर्ड आवक के चलते हालात बिगड़ गए। मंडी के बाहर सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पहुंचने से पिपरसमा मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगने से किसान, राहगीर और अन्य वाहन चालक घंटों तक परेशान होते रहे।

जानकारी के अनुसार, मंडी में प्याज की आवक सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रही। बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचे, लेकिन पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़क पर ही खड़ी रहीं। देखते ही देखते स्थिति ऐसी बनी कि लगभग 3 से 4 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया, जो तीन घंटे से अधिक समय तक बना रहा।

जाम का असर केवल यातायात पर ही नहीं पड़ा, बल्कि मंडी में होने वाली प्याज की नीलामी प्रक्रिया भी प्रभावित हुई। कई किसानों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा, जबकि राहगीरों को वैकल्पिक मार्ग तलाशने पड़े। किसानों ने मंडी प्रबंधन पर अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए कहा कि प्याज सीजन में हर साल ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा।

मामले को लेकर मंडी सचिव बालेश शुक्ला ने बताया कि बुधवार को प्याज की आवक अचानक बढ़ने से दबाव अधिक हो गया था। कुछ किसानों द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़क पर खड़ी कर देने के कारण यातायात प्रभावित हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मंडी का दूसरा गेट खुलवाया गया और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को तेजी से अंदर प्रवेश दिलाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।

अब सवाल यह उठ रहा है कि जब हर वर्ष प्याज सीजन में भारी आवक होती है, तो आखिर मंडी प्रबंधन द्वारा पहले से वैकल्पिक पार्किंग और यातायात व्यवस्था क्यों नहीं बनाई जाती? यदि समय रहते स्थायी इंतजाम नहीं किए गए, तो आने वाले दिनों में किसानों और आम लोगों को फिर ऐसी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)