सुपर 5000 योजना से मेधावी छात्रा राशि गुप्ता को मिला सम्मान, 25 हजार रुपए की सहायता राशि स्वीकृत

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित सुपर 5000 योजना के तहत जिले की छात्रा राशि गुप्ता को 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने छात्रा को स्वीकृति पत्र प्रदान कर उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

जानकारी के अनुसार राशि गुप्ता ने कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 91.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनकी माता श्रीमती रामा गुप्ता मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिक हैं। निर्धारित पात्रता पूरी होने पर छात्रा को योजना का लाभ प्रदान किया गया।

मेहनत और प्रतिभा को मिला पुरस्कार

कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उन्होंने छात्रा की सफलता की सराहना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी कड़ी मेहनत कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए संबल बनी योजना
मध्यप्रदेश शासन के श्रम विभाग अंतर्गत संचालित सुपर 5000 योजना का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों को आर्थिक सहायता देकर उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके सपनों को नई उड़ान देने का प्रयास किया जा रहा है।

श्रमिकों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील

श्रम विभाग ने जिले के सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि वे मंडल द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रतानुसार उनका लाभ लेकर अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करें।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)