पिछोर जनकल्याण शिविर का समापन: 5 हजार से अधिक आवेदनों का निराकरण, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

Nikk Pandit
0
बंटी शिवपुरी:खबर मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद पंचायत पिछोर में आयोजित तीन दिवसीय विकासखंड स्तरीय जनकल्याण शिविर का गुरुवार को सफल समापन हुआ। 16 से 18 जून तक चले इस शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 5 हजार 858 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 5 हजार से अधिक आवेदनों का निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया जारी है।

समापन कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री प्रीतम सिंह लोधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं हितलाभ वितरित किए।

हितग्राहियों को मिले स्वीकृति पत्र और आर्थिक सहायता

शिविर में वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन योजना के 22 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। वहीं आजीविका मिशन के तहत अहिल्या स्वसहायता समूह कोटरा को 6 लाख रुपये, बजरंग स्वसहायता समूह छिरबाहा को 1.50 लाख रुपये तथा अवंती बाई समूह उमरीकला को 3 लाख रुपये की सहायता राशि के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

इसके अलावा 18 नागरिकों को जाति प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत 5 हितग्राहियों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई। शिविर में दिव्यांग हितग्राही खलका आदिवासी को ट्राइसाइकिल एवं जाति प्रमाण-पत्र देकर लाभान्वित किया गया।

प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभा

शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, योग और जल गंगा संवर्धन जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र प्रस्तुत किए। साथ ही छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का भी वितरण किया गया।

स्वसहायता समूहों की महिलाओं के लिए आयोजित कुकिंग प्रतियोगिता में 30 समूहों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में श्रीमती निशा गुप्ता ने प्रथम, श्रीमती राजकुमारी परिहार ने द्वितीय एवं श्रीमती रानी पाराशर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को क्रमशः 5 हजार, 3 हजार और 2 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

जनकल्याण शिविरों की उपलब्धियां बताईं
कार्यक्रम में एसडीएम श्रीमती ममता शाक्य ने जनकल्याण शिविरों की उपलब्धियों और विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री एन.एस. नरवरिया ने सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)