बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के मायापुर थाना क्षेत्र के महुआखेड़ा गांव में छह साल पुराने सगाई और लेन-देन के विवाद ने शुक्रवार को हिंसक मोड़ ले लिया। रुपए वापस मांगने पहुंचे एक युवक पर कथित तौर पर फायरिंग कर दी गई, जिससे उसके पैर में छर्रे लग गए। घायल युवक को उपचार के लिए पहले पिछोर अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया।
तालाब के पास रास्ता रोककर फायरिंग का आरोप
जानकारी के अनुसार ग्वालियर जिले के पनिहार थाना क्षेत्र के ग्राम पावटा निवासी रामलखन गुर्जर अपने रिश्तेदार के साथ महुआखेड़ा गांव में रहने वाले लल्लू उर्फ राधाकिशन गुर्जर से रुपए लेने जा रहा था। आरोप है कि महुआखेड़ा तालाब के पास पहुंचते ही लल्लू गुर्जर, उसका बेटा मंगल सिंह गुर्जर और एक अन्य युवक बाइक से वहां पहुंचे और रामलखन पर फायरिंग कर दी।
गोली के छर्रे रामलखन की दाहिनी पिंडली में लगे, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
7 लाख रुपए के लेन-देन से जुड़ा है विवाद
घायल रामलखन का आरोप है कि करीब छह साल पहले उसके छोटे भाई की सगाई लल्लू गुर्जर की बेटी से हुई थी। इसी दौरान जमीन खरीदने के नाम पर लगभग 7 लाख रुपए लिए गए थे। बाद में रिश्ता आगे नहीं बढ़ पाया, लेकिन रकम भी वापस नहीं की गई।
रामलखन का कहना है कि वह पिछले चार वर्षों से अपने पैसे वापस मांग रहा था। हाल ही में दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई थी, लेकिन विवाद का कोई समाधान नहीं निकल सका।
पंचायत के बाद बढ़ा विवाद, पहुंचा थाने तक
ग्रामीणों के अनुसार दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। रुपए के लेन-देन को लेकर कई बार बातचीत और पंचायत हुई, लेकिन मामला सुलझने के बजाय और उलझता चला गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मायापुर थाना पुलिस ने घायल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।