बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को शिवपुरी जिला मुख्यालय के पोलो ग्राउंड में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम गरिमामयी एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाए। जिन विभागों को विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में सभी शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठन तथा शहर के नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ सके।
योग को बनाएं जीवनशैली का हिस्सा
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक महत्वपूर्ण पद्धति है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से बचा जा सकता है।
उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर योग के महत्व को समझें और स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।
सुबह 6 बजे पोलो ग्राउंड पहुंचने की अपील
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों, विद्यार्थियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों से 21 जून को सुबह 6 बजे पोलो ग्राउंड पहुंचकर योग कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।