योग दिवस की तैयारियां पूरी: पोलोग्राउंड में विशेष साफ-सफाई, सुबह 6 बजे से होगा आयोजन

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल पोलोग्राउंड शिवपुरी में नगर पालिका परिषद द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा तहसीलदार एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अनिल धाकड़ के मार्गदर्शन में नगर पालिका की टीम ने पोलोग्राउंड परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया। इस दौरान कचरे का निष्पादन, घास एवं झाड़ियों की कटाई तथा आमजन की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया।

जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 21 जून 2026 को प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक पोलोग्राउंड में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन होगा। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठन तथा बड़ी संख्या में शहरवासियों के शामिल होने की संभावना है।

प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अनिल धाकड़ ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य, फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद ने शहरवासियों से कार्यक्रम में पहुंचकर योग दिवस को सफल बनाने का आग्रह किया है।

जनहित में अपील

21 जून, प्रातः 6 बजे, पोलोग्राउंड शिवपुरी पहुंचें और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस सामूहिक आयोजन का हिस्सा बनें। योग अपनाएं, स्वस्थ एवं निरोग जीवन पाएं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)