बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद शिवपुरी ने विशेष अभियान चलाकर विभिन्न वार्डों से 7 काटने वाले आवारा कुत्तों को पकड़ा है। नगर पालिका की इस कार्रवाई से प्रभावित क्षेत्रों के रहवासियों को बड़ी राहत मिली है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा तहसीलदार एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अनिल धाकड़ के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया। नगर पालिका की डॉग स्क्वॉड टीम ने शिकायत मिलने पर वार्ड क्रमांक 38 स्थित कन्हा कुंज कॉलोनी, फिजिकल क्षेत्र, वार्ड क्रमांक 29 अग्रवाल धर्मशाला क्षेत्र और वार्ड क्रमांक 4 में पहुंचकर कार्रवाई की।
स्थानीय नागरिकों ने इन क्षेत्रों में आवारा एवं आक्रामक कुत्तों द्वारा लोगों को काटने और परेशान करने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित कुत्तों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर नियंत्रण में लिया।
इसके अलावा वार्ड क्रमांक 2, कूड़ा क्षेत्र एवं आईटीबीपी कैंप क्षेत्र से भी काटने वाले कुत्तों की शिकायत प्राप्त हुई थी। नगर पालिका की टीम ने यहां भी अभियान चलाकर कुत्तों को पकड़ा, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिली।
नगर पालिका के अनुसार 20 जून 2026 को चलाए गए इस विशेष अभियान में कुल 7 आवारा एवं काटने वाले कुत्तों को पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कुत्तों को मानवीय तरीके से नियंत्रित किया गया।
प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अनिल धाकड़ ने कहा कि नगर पालिका को प्राप्त होने वाली जन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में आवारा या आक्रामक कुत्तों की समस्या हो तो इसकी सूचना नगर पालिका को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
नगर पालिका परिषद शिवपुरी ने स्पष्ट किया है कि शहर के विभिन्न वार्डों में आवारा एवं काटने वाले कुत्तों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिससे नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।