बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले की करैरा तहसील के ग्राम अमोलपठा में कृषि भूमि के बंटवारे को लेकर नया विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर आरोप लगाया है कि राजस्व कर्मचारियों की मिलीभगत से उनकी संयुक्त स्वामित्व वाली जमीन का गलत तरीके से बंटवारा कर मुख्य मार्ग से लगी कीमती भूमि दूसरे पक्ष के नाम दर्ज कर दी गई है।
शनिवार को ग्राम अमोलपठा निवासी श्यामा उर्फ श्यामलाल, रामकिशन, अनिल, उत्तम, मिथला, मुन्नी, मीरा, धर्मेंद्र, रानी और सुमन सहित अन्य ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सर्वे नंबर 30, 31 और 45 की कृषि भूमि पर उनका परिवार पिछले तीन पीढ़ियों से खेती करता आ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सह-स्वामी मालती जैन एवं अन्य लोगों ने राजस्व अमले के साथ मिलीभगत कर दोषपूर्ण बंटवारा और बटांकन करा लिया। आरोप है कि प्रधानमंत्री सड़क और मुख्य मार्ग से लगी हुई बहुमूल्य भूमि अपने नाम दर्ज करा ली गई, जबकि उन्हें पीछे की कम उपयोगी भूमि आवंटित कर दी गई। ग्रामीणों का दावा है कि यह पूरी प्रक्रिया उनकी जानकारी, उपस्थिति और सहमति के बिना पूरी की गई।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि मामले की जानकारी मिलने पर उन्होंने एसडीएम न्यायालय करैरा में अपील दायर की है, जो वर्तमान में विचाराधीन है। वहीं दूसरे पक्ष द्वारा प्रस्तुत धारा-250 का प्रकरण भी न्यायालय में लंबित है। इसके बावजूद 19 जून को दूसरे पक्ष के लोग समर्थकों के साथ खेत पर पहुंचे और उन्हें जमीन से हटाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस दौरान गाली-गलौज और हाथापाई की स्थिति बनी। उनका यह भी कहना है कि मौके पर मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों ने उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें ही वहां से हटने का दबाव बनाया। इससे ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है।
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि इसी भूमि विवाद को लेकर पूर्व में गंभीर आपराधिक घटनाएं भी हो चुकी हैं और दो लोगों की हत्या तक हो चुकी है। ऐसे में उन्हें किसी बड़ी घटना की आशंका सता रही है।
ग्रामीणों ने एसपी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए, पीड़ित परिवारों को सुरक्षा प्रदान की जाए तथा न्यायालय में लंबित अपील के अंतिम निर्णय तक किसी भी प्रकार की बेदखली या कब्जा दिलाने की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। अब इस मामले में पुलिस और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।