बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी जिले के कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा अमृत हरित अभियान एवं स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के अंतर्गत "पार्क हमारा, संकल्प हमारा" स्वच्छ पार्क अभियान का शुभारंभ किया गया।
अभियान की शुरुआत वार्ड क्रमांक 12 स्थित मनियर मुक्तिधाम परिसर के पार्क में वृक्षारोपण के साथ की गई।
तहसीलदार एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अनिल धाकड़ ने पार्क में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और शहर को स्वच्छ एवं हरित बनाने का संकल्प लिया।
अभियान के पहले दिन पार्क परिसर में 90 पौधों का रोपण किया गया। लगाए गए पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई और देखभाल सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
प्रभारी सीएमओ अनिल धाकड़ ने कहा कि स्वच्छ और हरित वातावरण का निर्माण जनभागीदारी के बिना संभव नहीं है। नगर पालिका द्वारा पार्कों की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और हरियाली बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से पौधों के संरक्षण और पार्कों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद श्रीमती सरोज धाकड़ के प्रतिनिधि के रूप में श्री महेंद्र धाकड़, पार्क प्रभारी राजू बाथम सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा ने संदेश देते हुए कहा कि शहर के पार्क नागरिकों की अमूल्य धरोहर हैं। इनकी स्वच्छता और हरियाली बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
नगर पालिका परिषद द्वारा बताया गया कि अभियान के तहत शहर के विभिन्न पार्कों में चरणबद्ध तरीके से पौधारोपण, स्वच्छता गतिविधियां और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही पार्कों में बेहतर सुविधाएं विकसित कर उन्हें नागरिकों के लिए और अधिक आकर्षक एवं उपयोगी बनाया जाएगा।
"आइए स्वच्छता को आदत बनाएं और पार्कों को सुंदर बनाएं" के संदेश के साथ यह अभियान लगातार संचालित किया जाएगा, ताकि शिवपुरी को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाया जा सके।