बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर में नगर पालिका की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए तहसीलदार एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनिल धाकड़ सोमवार को ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचे। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ट्रेंचिंग ग्राउंड परिसर में कई स्थानों पर कचरा बिखरा हुआ मिला। इस पर प्रभारी सीएमओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि समस्त कचरे को व्यवस्थित रूप से एक स्थान पर एकत्रित कर वैज्ञानिक तरीके से उसका निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर से प्रतिदिन आने वाले कचरे का समय पर निपटान होना चाहिए, जिससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो।
निरीक्षण के दौरान एक कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित पाया गया। इस पर प्रभारी सीएमओ ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर पालिका के कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ट्रेंचिंग ग्राउंड के बाहर घूम रही आवारा गायों को लेकर भी श्री धाकड़ ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उनके निर्देश पर नगर पालिका अमले ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आवारा गौवंश को पकड़कर सुरक्षित रूप से गौशाला भिजवाया।
प्रभारी सीएमओ अनिल धाकड़ ने कहा कि नगर पालिका परिषद शिवपुरी शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ट्रेंचिंग ग्राउंड की व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत कर पर्यावरण अनुकूल एवं सुव्यवस्थित कचरा निस्तारण प्रणाली विकसित की जाएगी।
शिवपुरी फर्स्ट के लिए यह निरीक्षण साफ संकेत है कि नगर पालिका अब स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को लेकर मैदान में सक्रिय नजर आ रही है तथा लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।