बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिला अस्पताल में शुक्रवार को एक गर्भवती महिला के इलाज को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। मामले में महिला के पति ने अस्पताल स्टाफ और सुरक्षा गार्डों पर दुर्व्यवहार तथा इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए हैं, वहीं महिला सुरक्षा गार्ड ने पति पर अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार पिछोर तहसील के क्यारा गांव निवासी जिनेंद्र कुमार जाटव अपनी पांच माह की गर्भवती पत्नी पिंकी जाटव को पेट दर्द की शिकायत के बाद जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में भर्ती कराने के बाद भी महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ। उन्होंने डॉक्टरों से सोनोग्राफी कराने या किसी बड़े अस्पताल में रेफर करने की मांग की, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया।
जिनेंद्र जाटव का आरोप है कि जब उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का वीडियो बनाना शुरू किया तो वहां मौजूद महिला गार्डों ने उनका मोबाइल छीन लिया और वीडियो डिलीट कर दिया। साथ ही उन्हें और उनकी बुजुर्ग मां को अस्पताल से बाहर निकाल दिया गया।
वहीं अस्पताल की महिला सुरक्षा गार्ड शहरबानो का कहना है कि महिला वार्ड में पहले से मरीज के साथ दो महिला परिजन मौजूद थीं और विजिटिंग आवर्स भी नहीं थे। नियमों के अनुसार अतिरिक्त लोगों को वार्ड में प्रवेश से रोका गया था। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ।
शहरबानो ने आरोप लगाया कि जिनेंद्र जाटव ने उनके साथ अभद्रता की और हाथ मरोड़कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। इसके बाद उन्होंने कोतवाली पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
दूसरी ओर जिनेंद्र जाटव और उनके परिजनों का कहना है कि उनकी प्राथमिकता गर्भवती महिला का उचित इलाज है। फिलहाल कोतवाली पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल की जा रही है।