बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सोनी के मार्गदर्शन में शनिवार को श्रवण एवं वाक बाधित व्यक्तियों हेतु प्रदेशव्यापी विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का ऑनलाइन शुभारंभ कार्यवाहक मुख्य न्यायाधिपति विवेक रूसिया द्वारा किया गया। इसके पश्चात मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा यूट्यूब माध्यम से विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का प्रसारण किया गया, जिससे उपस्थित श्रवण एवं वाक बाधित व्यक्तियों को विधिक जानकारी और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
अधिकारों और निःशुल्क कानूनी सहायता की दी जानकारी
शिविर में श्रवण एवं वाक बाधित व्यक्तियों तथा उनके परिजनों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता और उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी प्रदान की गई।
इसके साथ ही सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि दिव्यांगजन इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
विशेषज्ञों और संस्थाओं की रही सहभागिता
कार्यक्रम में विशेष शिक्षक, सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ, शासकीय विभागों के प्रतिनिधि, अशासकीय संस्थाओं के सदस्य एवं अन्य संबंधित हितधारकों की सक्रिय भागीदारी रही। इससे प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।
निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया
शिविर के दौरान जिला चिकित्सालय शिवपुरी की ईएनटी (नाक, कान एवं गला) विशेषज्ञ टीम तथा अन्य चिकित्सकों द्वारा श्रवण एवं वाक बाधित व्यक्तियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया।
आभार के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
शिविर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सहित जिला न्यायालय शिवपुरी के न्यायाधीशगण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य, न्यायालयीन कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।