मढ़ीखेड़ा जल योजना की टेस्टिंग शुरू:ग्रामीणों से अपील: शुरुआती दिनों में पानी पीने के लिए उपयोग न करें

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए संचालित मढ़ीखेड़ा ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना अब धरातल पर आकार लेने लगी है। योजना के विभिन्न निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद चयनित ग्राम पंचायतों में जलापूर्ति व्यवस्था की टेस्टिंग शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही विभाग ने ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अनुसार जनपद पंचायत पोहरी क्षेत्र के गांवों में 12 जून से जलापूर्ति अवयवों की परीक्षण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस दौरान पाइपलाइन, जल वितरण प्रणाली और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है ताकि नियमित संचालन से पहले सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से सुनिश्चित की जा सकें।

विभाग का कहना है कि योजना के अवयव पहली बार उपयोग में लाए जा रहे हैं, इसलिए टेस्टिंग अवधि के दौरान सप्लाई होने वाले पानी का उपयोग पेयजल के रूप में नहीं किया जाए। प्रारंभिक दिनों में इस पानी का उपयोग केवल निस्तार एवं अन्य घरेलू कार्यों के लिए ही किया जाना चाहिए।

अधिकारियों के अनुसार परीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों की जांच की जाएगी। सभी मानकों के अनुरूप व्यवस्था मिलने के बाद ही नियमित एवं सुरक्षित पेयजल आपूर्ति शुरू की जाएगी।

विभाग ने संबंधित ग्राम पंचायतों और ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमित जलापूर्ति शुरू होने की सूचना अलग से जारी की जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

अब ग्रामीणों की नजर इस महत्वपूर्ण योजना पर टिकी हुई है, क्योंकि योजना के पूर्ण संचालन के बाद क्षेत्र के हजारों लोगों को नियमित पेयजल की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)