सर्किल जेल में योग अभियान शुरू:बंदियों और जेल स्टाफ ने उत्साह से किया योग, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में सोमवार से एक सप्ताह के राज्यव्यापी योग अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत 15 जून से 21 जून तक प्रदेश की सभी जेलों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिवपुरी सर्किल जेल में भी अभियान की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई।

कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, उच्च न्यायालय जबलपुर एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक श्री विवेक रूसिया द्वारा केंद्रीय जेल जबलपुर से ऑनलाइन माध्यम से किया गया। शिवपुरी में यह कार्यक्रम प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती रंजना चतुर्वेदी, सर्किल जेल अधीक्षक रमेश चन्द्र आर्य सहित जेल विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे। अभियान के पहले दिन सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती रंजना चतुर्वेदी ने योग के वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योग से मानसिक तनाव कम होता है, एकाग्रता बढ़ती है और व्यक्ति का शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है।

बंदियों को संबोधित करते हुए उन्हें सकारात्मक सोच, अनुशासित जीवनशैली और व्यसनमुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी गई ताकि वे भविष्य में समाज के जिम्मेदार नागरिक के रूप में नई शुरुआत कर सकें।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों को नियमित योग, संतुलित खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया गया। इसके बाद अधिकारियों द्वारा जेल का निरीक्षण कर बंदियों की समस्याओं की जानकारी भी ली गई।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)