अनंतपुर में आंबेडकर प्रतिमा विवाद गहराया, एक पक्ष ने धरना दिया तो दूसरे ने कार्रवाई की मांग उठाई

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के अनंतपुर गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि से प्रतिमा हटाए जाने के बाद शनिवार को दोनों पक्षों ने अलग-अलग स्तर पर अपनी-अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को प्रशासन ने शासकीय भूमि पर स्थापित की गई आंबेडकर प्रतिमा को हटाकर अपनी अभिरक्षा में ले लिया था। इस मामले में दिलीप और धर्मेंद्र नामक दो युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा गया था। प्रशासन की इस कार्रवाई के विरोध में शनिवार को बहुजन समाज के लोग बड़ी संख्या में कोलारस थाने पहुंचे और दोनों युवकों की रिहाई तथा प्रतिमा को पुनः स्थापित करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुआ धरना शाम साढ़े 5 बजे तक जारी रहा। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश और आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ। इस दौरान एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने दोनों युवकों को जमानत पर रिहा कर दिया।

उधर, अनंतपुर और आसपास के गांवों के 200 से अधिक ग्रामीण कोलारस एसडीएम कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर बिना प्रशासनिक अनुमति शासकीय भूमि पर प्रतिमा स्थापित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि 18-19 जून की रात कुछ लोगों ने शासकीय भूमि पर प्रतिमा स्थापित कर दी थी, जबकि इससे पहले 19 मई को भी इसी तरह की घटना सामने आई थी।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बाहरी लोग गांव में आकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि गाली-गलौज और जातिसूचक टिप्पणियों के कारण गांव का सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है और भविष्य में जातीय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

मामले में एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि जिस भूमि पर प्रतिमा स्थापित की गई थी, वह शासकीय भूमि है। नियमानुसार किसी भी प्रतिमा की स्थापना के लिए प्रशासनिक अनुमति आवश्यक होती है। प्रशासन ने नियमों के अनुरूप कार्रवाई करते हुए प्रतिमा को सुरक्षित अभिरक्षा में लिया है और दोनों पक्षों को समझाइश दी गई है।

प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है तथा नियम विरुद्ध किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)