बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। रन्नौद-माढा-सिंघारई रोड पर तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सवार सड़क पर दूर जा गिरे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंघारई निवासी 34 वर्षीय हरपाल यादव पुत्र लालजीराम यादव अपनी बाइक से माढा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान झंडी बहादुरा की तरफ से आ रहे कैलाश जाटव की बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने हरपाल यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि कैलाश जाटव की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका इलाज जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही इंदार थाना प्रभारी विवेक यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।