बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर नगर पालिका परिषद शिवपुरी एवं जनपद पंचायत शिवपुरी द्वारा मानस भवन में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा एसडीएम एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री आनंद राजावत के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
समापन कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमलता रावत एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभ एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। साथ ही स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को 3 लाख रुपए की सीआईएफ (कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड) राशि प्रदान कर आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया गया।
कुकिंग प्रतियोगिता में दिखा हुनर
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री पोषण आहार योजना से जुड़ी कुक-कम-रसोइया दीदियों की कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। लगभग 40 प्रतिभागियों ने बच्चों के लिए पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन तैयार कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, शील्ड एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
12 वर्षों की उपलब्धियों की प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम स्थल पर केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, आवास, स्वास्थ्य, स्वच्छता, स्वरोजगार एवं आधारभूत संरचना से जुड़े विकास कार्यों की जानकारी आमजन को दी गई। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
समापन अवसर पर अतिथियों, अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी हितग्राहियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।