बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शहर के प्रसिद्ध सिद्धेश्वर मेले में सोमवार रात एक परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। युवक को बचाने पहुंची परिवार की महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की और झूमाझटकी होने के दृश्य सामने आए हैं। घटना के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, एक परिवार मेले में घूमने पहुंचा था। इसी दौरान परिवार के एक युवक का कुछ लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पहले कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। वायरल वीडियो में कुछ लोग युवक के साथ हाथापाई करते नजर आ रहे हैं।
जब युवक को बचाने के लिए परिवार की महिलाएं बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की गई। इस दौरान मौके पर मौजूद छोटे बच्चे भयभीत होकर रोते दिखाई दिए। वीडियो में बच्चों की चीख-पुकार और परिवार की महिलाओं की कोशिशें साफ देखी जा सकती हैं।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि मेले में बड़ी संख्या में परिवार और महिलाएं पहुंचती हैं, ऐसे में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होना आवश्यक है।
मारपीट करने वाले लोगों की पहचान को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। यह भी पुष्टि नहीं हो सकी है कि घटना में शामिल लोग मेला प्रबंधन से जुड़े थे या किसी दुकान संचालक के कर्मचारी थे। इस संबंध में अलग-अलग चर्चाएं जरूर चल रही हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर किसी की भूमिका की पुष्टि नहीं हुई है।
मामले को लेकर मेला ठेकेदार आकाश शिवहरे ने बताया कि घटना के समय वह झांसी में आयोजित एक मेले में मौजूद थे और उनका इस घटना से कोई संबंध नहीं है। वहीं उनके बड़े भाई भागचंद शिवहरे ने भी घटना स्थल पर मौजूद होने से इनकार करते हुए बताया कि वह उस समय श्योपुर मेले में थे।
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार की ओर से अब तक किसी भी थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत नहीं होने के कारण पुलिस द्वारा भी फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की गई है। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद मामले की चर्चा पूरे शहर में हो रही है।
गौरतलब है कि सिद्धेश्वर मेले में विवाद और मारपीट की घटनाओं को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। ऐसे में एक बार फिर सामने आए इस वीडियो ने मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि वायरल वीडियो के आधार पर प्रशासन और पुलिस कोई संज्ञान लेते हैं या नहीं।