करैरा में दो दिन में दो वारदात, पहले बुजुर्ग महिला को झांसा देकर झुमके ले उड़ा, दूसरे दिन कट्टे की नोक पर दंपती से जेवर और नकदी लूटी

Shivpuri First
0
बुजुर्ग महिला को ले जाता बदमाश

शिवपुरी जिले के करैरा इलाके में बदमाशों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब कोई भी सुरक्षित नजर नहीं आ रहा। रविवार को एक शातिर युवक ने बुजुर्ग महिला सुनतिया पत्नी सोमा कोली को घर छोड़ने का झांसा दिया। रास्ते में बोला कि उसकी पत्नी के लिए भी ऐसे ही झुमके बनवाने हैं। महिला ने भरोसा कर झुमके उतारकर उसके हाथ में दे दिए और वह उन्हें बीच रास्ते छोड़कर फरार हो गया। इससे एक दिन पहले शनिवार को शादी में जा रहे एक दंपती को तीन बदमाशों ने कट्टे की नोक पर रोककर जेवर, मोबाइल और नकदी लूट ली। दो दिन में हुई इन वारदातों से पूरे करैरा इलाके में दहशत का माहौल है। करैरा कस्बे में रविवार को हुई घटना सुनकर हर कोई हैरान रह गया। 

ग्राम बामौर थाना भौती निवासी सुनतिया पत्नी सोमा कोली किसी काम से करैरा आई थीं। काम निपटाने के बाद वह गांव लौटने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थीं। तभी एक स्कूटी सवार युवक उनके पास आया और बोला, "अम्मा, मैं भी उसी तरफ जा रहा हूं, बैठ जाओ... घर छोड़ दूंगा।" बुजुर्ग महिला उसकी बातों में आ गईं और स्कूटी पर बैठ गईं। सहायता केंद्र चौराहे से टीला रोड की तरफ जाते समय युवक ने महिला के कानों में पहने झुमकों को देखा और बोला, "मेरी पत्नी के लिए भी बिल्कुल ऐसे ही झुमके बनवाने हैं। जरा निकालकर दिखा दो, सुनार को डिजाइन दिखा दूंगा।" महिला को जरा भी शक नहीं हुआ। उन्होंने कानों से झुमके उतारकर युवक को दे दिए। कुछ दूर जाने के बाद बदमाश ने स्कूटी रोकी, महिला को नीचे उतारा और देखते ही देखते झुमके लेकर भाग निकला। जब तक महिला कुछ समझ पाती, वह आंखों से ओझल हो चुका था। घटना के बाद महिला ने लोगों को पूरी बात बताई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बताया जा रहा है कि यही युवक पहले भी कई महिलाओं को इसी तरह बातों में फंसाने की कोशिश कर चुका है। दो ग्रामीणों से पैसे छीनने की भी चर्चा है। पुलिस को उम्मीद है कि कैमरों की मदद से आरोपी तक पहुंचा जा सकेगा। 

एक दिन पहले कट्टे की नोक पर हुई थी लूट रविवार की ठगी से पहले शनिवार को भी करैरा थाना क्षेत्र में बड़ी वारदात हुई थी। ग्राम समोहा निवासी आरती लोधी अपने पति कल्लन सिंह लोधी के साथ भांजे की शादी में शामिल होने दुलहई जा रही थीं। शाम करीब साढ़े पांच बजे कडोरा तिराहे के पास पहाड़ी पर पहुंचते ही तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। एक बदमाश ने कट्टा निकालकर पति पर तान दिया, जबकि दूसरे ने आरती लोधी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बदमाश उनके कानों की सोने की झुमकियां, मंगलसूत्र, सोने का लॉकेट, चांदी की करधौनी, मोबाइल फोन और पर्स में रखे तीन हजार रुपये लेकर फरार हो गए। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि लूटे गए जेवर करीब 20 साल पुराने थे और शादी के समय के थे। 

दो दिन... दो वारदात... लोग बोले- आखिर सुरक्षित कौन?

लगातार दो दिन में हुई इन घटनाओं ने करैरा के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि अब बदमाश नए-नए तरीके अपनाकर वारदात कर रहे हैं। कोई घर छोड़ने का बहाना बनाकर ठगी कर रहा है तो कोई कट्टे के दम पर राह चलते लोगों को लूट रहा है। सबसे ज्यादा चिंता इस बात की है कि पहली घटना दिनदहाड़े हुई और दूसरी शाम के समय। इससे साफ है कि बदमाशों में पुलिस का डर कम होता नजर आ रहा है। फिलहाल पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ठगी वाले मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जबकि लूट करने वाले बदमाशों की तलाश भी तेज कर दी गई है। 

पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों मामलों का खुलासा करने की कोशिश की जाएगी। करैरा के लोगों की मांग है कि कस्बे और आसपास के सुनसान रास्तों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)