![]() |
| विधायक और महिलाओं के बीच वार्तालाप |
शिवपुरी। पिछोर विधानसभा से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी का ग्रामीण महिलाओं से बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिलाएं गांव में बिजली और पानी की समस्या की शिकायत करती नजर आ रही हैं। बातचीत के दौरान विधायक का "मोए वोट नहीं दोगी तो किसको दोगी" वाला बयान भी सुनाई देता है। वीडियो सामने आने के बाद विधायक ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि यह उनकी विधानसभा क्षेत्र के दौरे का वीडियो है, लेकिन उन्हें फिलहाल याद नहीं कि यह किस गांव का है। उन्होंने कहा कि उन्होंने ग्रामीणों को सिर्फ उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया था।
विधायक प्रीतम लोधी ने बताया कि शनिवार को वे विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के दौरे पर थे। इसी दौरान एक गांव में कुछ महिलाओं और ग्रामीणों ने उनकी कार रोक ली। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई दिनों से बिजली और पेयजल की समस्या बनी हुई है। लोगों ने कहा कि बिजली नहीं आने और पानी की किल्लत से रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है।
बातचीत के दौरान विधायक ने महिलाओं से कहा कि वे लाड़ली बहना हैं और उनकी सभी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। इस पर महिलाओं ने कहा कि अगर काम हो जाएगा तो वे उन्हें वोट देंगी। जवाब में विधायक ने मुस्कुराते हुए कहा, "मोए वोट नहीं दोगी तो किसको दोगी।" यह संवाद वीडियो में साफ सुनाई दे रहा है और इसी हिस्से की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है।
वीडियो में आगे एक महिला गांव में पानी की गंभीर समस्या का जिक्र करती है। इस दौरान विधायक अपनी कार में रखी पानी की एक बोतल निकालकर महिलाओं की ओर बढ़ाते नजर आते हैं। मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीण इस पर हंसते हुए कहते हैं कि "इससे क्या होगा?" इसके बाद विधायक भी मुस्कुराते हैं और बातचीत आगे बढ़ जाती है।
इसी दौरान एक अन्य ग्रामीण ने गांव में करीब दो महीने से ट्रांसफार्मर (डीपी) खराब होने की शिकायत भी विधायक से की। ग्रामीणों का कहना था कि डीपी खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित है और कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों से बात कर जल्द समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि उन्हें यह याद नहीं है कि वीडियो किस गांव का है, क्योंकि वे लगातार अपनी विधानसभा के अलग-अलग गांवों का दौरा करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी लोग अपनी समस्याएं बताते हैं, वे उन्हें सुनते हैं और अधिकारियों को समाधान के निर्देश देते हैं।
विधायक ने कहा, "मैं शनिवार को विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर था। महिलाएं और कुछ ग्रामीण बिजली-पानी की समस्या बता रहे थे। मैंने उन्हें आश्वासन दिया था कि उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। मुझे अभी याद नहीं कि यह किस गांव का वीडियो है। मैं रोज अपनी विधानसभा में लोगों से मिलता हूं। मोदी और लोधी कभी छुट्टी नहीं लेते, रोज जनता के बीच रहकर काम करते हैं। जनता की समस्याओं का समाधान कराना ही मेरी प्राथमिकता है।"
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है। विधायक के बयान और ग्रामीणों के साथ हुई बातचीत को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि विधायक का कहना है कि वीडियो को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है, जबकि उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का भरोसा ही दिया था।

