बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी के बैराड़ में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में नवागत एसडीएम जे.पी. गुप्ता ने बैराड़ तहसील सभागार में पटवारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में सीमांकन, नामांतरण, बटवारा, भूमि आवंटन, फार्मर रजिस्ट्री, गिरदावरी, राजस्व वसूली और खाद वितरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान एसडीएम जे.पी. गुप्ता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राजस्व प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों से होगी वसूली
एसडीएम ने सभी पटवारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शासकीय भूमि पर हुए अतिक्रमणों को चिन्हित करें और नियमानुसार संबंधित लोगों से वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
खेतों पर बने मकानों का कराएं आवासीय डायवर्सन
बैठक में निर्देश दिए गए कि पटवारी अपने हल्कों में जाकर खेतों पर बने मकानों का सर्वे करें और आवश्यकतानुसार उनके आवासीय डायवर्सन की प्रक्रिया पूर्ण कराएं।
साप्ताहिक बी-1 वाचन और पंजी संधारण अनिवार्य
एसडीएम ने कहा कि सभी पटवारी प्रत्येक सप्ताह अपने क्षेत्र में पहुंचकर खसरा बी-1 का वाचन करें, पंचनामा तैयार करें तथा पंजी संधारण का कार्य नियमित रूप से करें।
फौती नामांतरण प्रकरणों का शीघ्र निपटारा करें
बैठक में लंबित चल रहे फौती नामांतरण प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
कोई भी मंदिर पुजारी विहीन न रहे
एसडीएम जे.पी. गुप्ता ने पटवारियों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र के मंदिरों का निरीक्षण करें और सुनिश्चित करें कि कोई भी मंदिर पुजारी विहीन न रहे।
खाद केंद्र का भी किया निरीक्षण
बैठक के बाद एसडीएम जे.पी. गुप्ता ने श्रीराम खाद्य भंडार केंद्र का निरीक्षण कर स्टॉक पंजी एवं खाद का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
नवागत एसडीएम का हुआ स्वागत
बैठक के दौरान बैराड़ तहसीलदार द्रगपाल सिंह बैश, अजय परसेडिया सहित समस्त पटवारियों ने नवागत एसडीएम जे.पी. गुप्ता का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।