बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सद्भावना एवं समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि त्यौहार आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता के प्रतीक होते हैं, इसलिए सभी नागरिक शांति, सौहार्द्र और आपसी सद्भाव के साथ मोहर्रम का पर्व मनाएं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, उप संचालक माधव टाइगर रिजर्व श्री हरिओम, अपर कलेक्टर श्री दिनेश चंद्र शुक्ला सहित विभिन्न समुदायों के प्रबुद्धजन एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में 26 जून को आयोजित होने वाले मोहर्रम पर्व के दौरान जिले में कानून व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि करबला (विसर्जन स्थल) एवं हुसैन टेकरी पर मोहर्रम पूर्व एवं पश्चात विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। साथ ही पेयजल, अस्थायी प्रसाधन, स्ट्रीट लाइट, नालों की सफाई तथा फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने ताजियों के चल समारोह के मार्गों पर विद्युत व्यवस्था की सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। प्रशासन द्वारा ताजिया मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर विद्युत तारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी तथा जहां कहीं सड़क पर गड्ढे या अन्य बाधाएं हैं, उन्हें समय रहते दुरुस्त कराया जाएगा।
कलेक्टर ने बताया कि करबला स्थल पर सुरक्षा की दृष्टि से रस्सी, टॉर्च, गोताखोरों की टीम एवं अन्य आवश्यक उपकरणों के साथ विशेष दल तैनात रहेगा। इसके अलावा एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमें भी विसर्जन स्थल पर मौजूद रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि मोहर्रम के अवसर पर आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द्र की परंपरा को बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें, जिससे पर्व सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।