बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के खजरा गांव में एक युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव आया था। सोमवार दोपहर उसका शव गांव के बाहर मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान सुशील उर्फ शिम्पल उपाध्याय, निवासी गौशाला क्षेत्र शिवपुरी के रूप में हुई है। वह शिवपुरी-गुना बायपास स्थित सूर्या होटल में काम करता था। पुलिस के अनुसार उसके साथ होटल में काम करने वाले शेषराम गुर्जर और कल्लू आदिवासी भी खजरा गांव पहुंचे थे।
जानकारी के मुताबिक कल्लू आदिवासी की बेटी खजरा गांव में अपनी ननिहाल में रहती है। गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए रविवार को तीनों दोस्त शिवपुरी से खजरा पहुंचे थे। रात के समय तीनों गांव के बाहर गए, जहां उन्होंने शराब पार्टी की थी।
सोमवार दोपहर सुशील उपाध्याय का शव गांव के बाहर पड़ा मिला। उसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटनास्थल से पुलिस ने खून से सना पत्थर और खाली शराब की बोतल बरामद की है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पत्थर से हमला कर युवक की हत्या की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतक के साथ आए दोनों दोस्तों शेषराम गुर्जर और कल्लू आदिवासी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए ग्वालियर से एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस हत्याकांड से खजरा गांव सहित पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूछताछ और वैज्ञानिक जांच के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।