बदरवास में दो बड़े सड़क हादसे, टाइल्स से भरा ट्रक पलटा; कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंचीदोनों घटनाओं में टला बड़ा हादसा, कोई जनहानि नहीं

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में सोमवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों की सांसें थाम दीं। एक ओर बदरवास बायपास पर टाइल्स से भरा मालवाहक ट्रक पलट गया, वहीं दूसरी ओर एनएच-46 पर सिल्वर पार्क के पास एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई।

टाइल्स से भरा ट्रक पलटा, सर्विस रोड हुई बंद

पहला हादसा बदरवास बायपास पर हुआ, जहां गुना से शिवपुरी की ओर आ रहा टाइल्स से लदा मालवाहक ट्रक अचानक असंतुलित होकर पलट गया। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रक के पिछले दोनों पहिए निकलकर दूर जा गिरे।

ट्रक पलटने के बाद सड़क पर टाइल्स की पेटियां बिखर गईं, जिससे सर्विस रोड पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि ट्रक चालक और अन्य किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा सड़क से मलबा हटाकर यातायात सुचारु करने के प्रयास किए गए।
सिल्वर पार्क के पास डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची कार

दूसरा हादसा एनएच-46 स्थित सिल्वर पार्क के पास हुआ। गुना से शिवपुरी की ओर आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पार करते हुए सड़क की दूसरी लेन में जा पहुंची।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि उस समय सामने से कोई भारी वाहन आ रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। लेकिन संयोगवश दूसरी लेन खाली होने के कारण गंभीर दुर्घटना टल गई।

एयरबैग ने बचाई तीन लोगों की जान

कार में तीन लोग सवार थे। दुर्घटना के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे सभी यात्रियों की जान बच गई। हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि कार को काफी नुकसान पहुंचा है।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे

बदरवास और एनएच-46 क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्रशासन और यातायात विभाग से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ाने की मांग की जा रही है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)