बंटी शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में रविवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एनएच-46 पर अटलपुर गांव के पास रात करीब 9:30 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार मोहनपुर निवासी ओंकार सिंह पटेलिया (60 वर्ष) सड़क किनारे खड़े हुए थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल ओंकार सिंह को तत्काल शिवपुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है।
दुर्घटना में बाइक पर सवार दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनकी हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गुना रेफर किया गया है। फिलहाल दोनों घायलों की पहचान नहीं हो सकी है।
मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों और बाइक की रफ्तार सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-46 पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। ऐसे में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्ती की आवश्यकता महसूस की जा रही है।