बारिश से पहले एक्शन मोड में नगर पालिका, शहरभर में चला विशेष स्वच्छता अभियान

Nikk Pandit
0

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर में आगामी वर्षाकाल को देखते हुए नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा शहरभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन एवं एसडीएम व प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री आनंद राजावत के मार्गदर्शन में नालियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है।

अभियान के तहत गुरुवार को झिंगुरा रोड, नूरानी मस्जिद क्षेत्र, आईपीएस स्कूल रोड एवं आसपास की गलियों में व्यापक सफाई कराई गई। सफाई कर्मियों ने नालियों में जमा गाद और कचरे को हटाकर जल निकासी को सुचारू बनाने का कार्य किया।

वहीं करौंदी सम्बेल से पारस होटल तक सड़क के दोनों ओर झाड़ू लगवाकर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 29 के सईसपुरा शिकारी चौक में नालियों की सफाई कर वर्षा के दौरान जलभराव की संभावनाओं को कम करने का प्रयास किया गया।

नगर पालिका की टीम ने मीट मार्केट स्थित मजार के पास बड़ी नाली की सफाई कर उसमें जमा कचरा और गाद हटाई। वहीं कलेक्टर बंगला क्षेत्र में भी कचरा उठाकर व्यापक साफ-सफाई कराई गई।
अभियान के अंतर्गत विवेकानंद कॉलोनी (वार्ड क्रमांक 03) में नाला गैंग द्वारा नालियों की सफाई की गई, जबकि वार्ड क्रमांक 07 स्थित शिव कॉलोनी में भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसके साथ ही सर्कुलर रोड पर सफाई कर सड़क और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाया गया।

एसडीएम एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री आनंद राजावत ने बताया कि वर्षाकाल के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने और नालियों में कचरा न डालने की अपील की।

नगर पालिका का दावा है कि "स्वच्छ शिवपुरी–स्वस्थ शिवपुरी" के संकल्प के साथ शहर को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)