पंचायत में काम न देने पर सरपंच पर हमला, कुल्हाड़ी के बेंट और डंडे से भाई को भी पीटा

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के झलवासा गांव में पंचायत में काम न देने के विवाद को लेकर सरपंच और उनके भाई पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लोगों ने सरपंच हरिबल्लभ धाकड़ और उनके भाई पर कुल्हाड़ी के बेंट और डंडे से हमला कर दिया। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में सरपंच हरिबल्लभ धाकड़ ने बताया कि मंगलवार रात करीब 8 बजे वह शिवपुरी से अपने गांव लौटे थे। घर के बाहर गांव के हरिबल्लभ जाटव और किलोई जाटव मिले, जिन्होंने पंचायत में काम न देने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज करने लगे।

विरोध करने पर आरोप है कि हरिबल्लभ जाटव ने कुल्हाड़ी के बेंट से सरपंच के सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। वहीं, किलोई जाटव ने डंडे से उनके दोनों हाथों पर हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे सरपंच के भाई रिंकी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनके बाएं हाथ में चोट आई।

घटना के दौरान हेमंत गोस्वामी और गणेश चिड़ार ने बीच-बचाव कर दोनों को बचाया। आरोप है कि जाते समय हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

सरपंच की शिकायत पर बैराड़ थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)