एक ही प्लेटफॉर्म और फुटओवर ब्रिज नहीं होने से पटरियां पार करने को मजबूर यात्री

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के बदरवास रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को रोजाना गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन पर केवल एक प्लेटफॉर्म होने और फुटओवर ब्रिज की सुविधा नहीं होने के कारण यात्रियों को अपनी जान जोखिम में डालकर रेल पटरियां पार करनी पड़ रही हैं। हालात यह हैं कि ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में लोग सीधे ट्रैक लांघने को मजबूर हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।

रविवार को सामने आए एक वीडियो ने स्टेशन की बदहाल व्यवस्था की पोल खोल दी। एक लाइन पर ट्रेन खड़ी होने के कारण दूसरी ओर खड़ी ट्रेन तक पहुंचने के लिए यात्रियों को पटरियां पार करनी पड़ीं। इस दौरान महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे और भारी सामान लेकर यात्रा कर रहे लोग सबसे ज्यादा परेशान नजर आए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बदरवास स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज नहीं होने के कारण यात्रियों के पास कोई सुरक्षित विकल्प नहीं बचता। मजबूरी में लोग ट्रैक पार करते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार यात्रियों ने इस समस्या को रेलवे अधिकारियों के सामने उठाया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।

रेलवे सुविधा संघर्ष समिति और क्षेत्रीय नागरिक लंबे समय से स्टेशन पर दूसरा प्लेटफॉर्म और फुटओवर ब्रिज बनाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि बढ़ते रेल यातायात और यात्रियों की संख्या को देखते हुए वर्तमान व्यवस्थाएं पूरी तरह नाकाफी साबित हो रही हैं।

समिति का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक सुविधाएं विकसित नहीं की गईं तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बदरवास स्टेशन पर जल्द दूसरा प्लेटफॉर्म और फुटओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाए।

स्थानीय लोगों का सवाल है कि आखिर किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों किया जा रहा है? जब समस्या वर्षों से सामने है तो यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम अब तक क्यों नहीं उठाए गए? बदरवास के हजारों यात्रियों को अब रेलवे प्रशासन के ठोस फैसले का इंतजार है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)