बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में भीषण गर्मी और पेयजल संकट के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा लगातार शिवपुरी शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। शहर के नागरिकों को पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार समीक्षा और मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे प्रत्येक वार्ड तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
शहर में जल समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने हाल ही में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पेयजल व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की थी। बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और अधिकारियों को अलग-अलग वार्डों की जिम्मेदारी सौंपी गई। निर्देश मिलते ही अधिकारी रविवार और सोमवार को अपने-अपने आवंटित वार्डों में पहुंचे तथा वहां की जल आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जहां कहीं भी पानी की आपूर्ति में कमी या अन्य दिक्कतें सामने आईं, वहां तत्काल नगर पालिका को अवगत कराते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी वार्ड में पेयजल को लेकर परेशानी न हो और लोगों को समय पर पानी उपलब्ध हो सके।
उल्लेखनीय है कि मड़ीखेड़ा परियोजना की मोटर खराब होने के कारण शहर की नियमित जलापूर्ति प्रभावित हुई है। इसके चलते कई क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में बोरिंग और टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है। नगर पालिका की टीमें लगातार फील्ड में मौजूद हैं और प्रभावित क्षेत्रों में जल आपूर्ति बनाए रखने के लिए काम कर रही हैं।
प्रशासन की प्राथमिकता – हर घर तक पहुंचे पानी
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने स्पष्ट किया है कि पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी लगातार वार्डों का भ्रमण कर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके और जल संकट का प्रभाव न्यूनतम रहे।